बंशीधर नगर: भवनाथपुर थाने की पुलिस ने थाना क्षेत्र के चेरवाडीह गांव से अवैध देशी कट्टा के साथ अशोक कुमार नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है। वह मेराल थाना क्षेत्र के भिमखांड़ गांव का रहने वाला है। यह जानकारी एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने दी। वे रविवार को अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ चेरवाडीह गांव में गांव के ही गुना कुमार के साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस पुअनि परवेज आलम के नेतृत्व में निरंजन प्रसाद शर्मा, हवलदार राम सरिखन राम एवं आरक्षी वीरेंद्र प्रसाद यादव ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की तथा उक्त युवक को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उक्त युवक के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद किया है। जांच में पता चला कि अशोक अपने ससुराल में आया था। अशोक के द्वारा गांव के ही गुना कुमार के साथ ठेकेदारी विवाद में 8 हजार रुपये के बकाया को लेकर मारपीट की जा रही थी। पुलिस ने अशोक कुमार के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रेसवार्ता में एसडीपीओ के साथ भवनाथपुर थाना के पुअनि परवेज आलम, निरंजन प्रसाद शर्मा, अमित कुमार मौजूद थे। उधर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।

