भंडरिया बड़गड़ नवरात्र एवं दशहरा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को बड़गड़ बाजार में प्रशासन और पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा पर्व के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। इसका नेतृत्व भंडरिया बीडीओ सह अंचल पदाधिकारी राकेश भूषण सिंह, बड़गड़ बीडीओ राजीव कुमार, भंडरिया इंस्पेक्टर सुभाष पासवान तथा बड़गड़ थाना प्रभारी राजेश वर्मा ने किया।फ्लैग मार्च बड़गड़ थाना परिसर से शुरू होकर मां दुर्गा मंदिर, हनुमान मंदिर चौक और सब्जी मंडी होते हुए विभिन्न पूजा पंडालों तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडालों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक सतर्कता बरती गई। फ्लैग मार्च में पुलिस के महिला जवान भी शामिल रहीं।इस मौके पर बड़गड़ थाना प्रभारी राजेश वर्मा ने कहा कि नवरात्र और दशहरा आस्था एवं श्रद्धा का पर्व है। इसे आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान लोगों का उत्साह और उमंग बना रहे, लेकिन सभी को अपनी जिम्मेदारियों का भी ध्यान रखना चाहिए। किसी भी पूजा पंडाल में कोई समस्या या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।उन्होंने प्रखंडवासियों से अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना को बिना पुष्टि के प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो इसकी जानकारी तत्काल थाना को दें। पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करेगी।प्रशासन और पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से मां दुर्गा की आराधना करने तथा त्योहार को आपसी सद्भाव के साथ संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।

