
सगमा(गढ़वा):धुरकी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान के तहत धुरकी थाना क्षेत्र के सगमा गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग सत्तर किलो जावा महुआ एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।उक्त जानकारी देते हुए धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा सगमा गांव में छापामारी की गई। छापामारी के दौरान अवैध शराब निर्माण स्थल से करीब 70 किलो जावा महुआ बरामद किया गया। पुलिस की भनक लगते ही शराब कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहा।
थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त सभी सामग्रियों को भी विधिवत रूप से विनष्ट किया गया। उन्होंने कहा कि नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जनार्दन राऊत ने थाना क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशा से जुड़ा अवैध कारोबार संचालित हो रहा हो, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वालों का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने नशा कारोबारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

