
सगमा (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र में मातम का त्योहार मुहर्रम शुक्रवार को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर विभिन्न गांवों से निकले ताजिया जुलूस बीरबल पोखरा मैदान पहुंचे, जहां युवकों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान चार युवकों ने जमीन पर लेटकर अपने सीने पर केला रखवाया। इसके बाद एक अन्य कलाकार ने एक ही वार में चारों के सीने पर रखे केलों को दो टुकड़ों में विभाजित कर दिया। इस रोमांचक प्रदर्शन को देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों की हौसला अफजाई की।
बीरबल गांव में इस अवसर पर मेले का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की और मेले का आनंद उठाया। मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर धुरकी पुलिस लगातार निगरानी करती रही।
मुहर्रम इंतजामिया कमेटी की ओर से अतिथियों के लिए मंच, कुर्सी, पेयजल और जलपान की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में करतब देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर सदर गुलाम नबी, सचिव मोदाशीर अंसारी, खजांची हाफिज अंसारी, पूर्व मुखिया इसहाक अंसारी, अहमद अंसारी, सकील अहमद, इकबाल अंसारी, आलमगीर अंसारी और तौहीद अंसारी सहित कई लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कलाम अंसारी ने किया।

