कांडी(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने बुधवार को सख्ती दिखाई। महुली मोड़ पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अंचलाधिकारी की उपस्थिति में स्थल का निरीक्षण किया गया। वहीं, सोनपुरवा और डेमा गांव के सामने मुख्य सड़क पर मवेशी बांधकर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। प्रशासन ने संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।जानकारी के अनुसार, महुली मोड़ पर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना और सड़क पर आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाना था।
वहीं, सोनपुरवा और डेमा गांव के सामने मुख्य सड़क पर मवेशी बांधकर रास्ते को बाधित किए जाने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया। गौरतलब है कि मुख्य सड़क पर मवेशी बांधकर अतिक्रमण किए जाने से संबंधित खबर रविवार को भी प्रकाशित हुई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार और कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
प्रशासन की इस पहल से सड़क पर आवागमन बाधित होने की समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाया गया है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि वे मुख्य सड़कों और सार्वजनिक रास्तों पर मवेशी न बांधें तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से बचें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

