तगाड़ी में सब्जी बनने के मामले में जांच के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं, बीडीओ ने स्वतंत्र जांच कराने की कही बात
सगमा(गढ़वा) :प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय पुतूर में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के लिए ईंट-बालू ढोने वाली तगाड़ी में सब्जी बनाए जाने की खबर मीडिया में प्रकाशित होने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। मामले को लेकर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) विजय कुमार पांडेय ने विद्यालय पहुंचकर स्थलीय जांच की। हालांकि, जांच के दौरान क्या तथ्य सामने आए और विभाग आगे क्या कार्रवाई करेगा, इसकी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
मामले की जांच के बाद रिपोर्ट को लेकर जब बीईईओ विजय कुमार पांडेय से दूरभाष पर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है और आधे घंटे बाद जानकारी दे दी जाएगी। लेकिन करीब आधे से एक घंटे बाद दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो बार-बार फोन की घंटी बजने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।
इस स्थिति के बाद जांच की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर है। ऐसे में जांच के निष्कर्ष और विभागीय कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करना जरूरी है। हालांकि, जांच रिपोर्ट सामने आए बिना किसी प्रकार की लीपापोती या विभागीय मिलीभगत का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
इधर, मामले को लेकर सगमा प्रखंड के लोगों में शिक्षा विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि विभाग जांच के आधार पर क्या कार्रवाई करता है और बच्चों के भोजन की व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
इस संबंध में सगमा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सतीश भगत ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच की गई है। हालांकि, प्रखंड प्रशासन की ओर से भी स्वतंत्र रूप से जांच कराई जाएगी।
अब सवाल यह है कि जांच रिपोर्ट कब सार्वजनिक होगी और बच्चों के स्वास्थ्य एवं भोजन की स्वच्छता से जुड़े इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाएगी?
इधर प्रखंड प्रमुख नें मामले को लिया संज्ञान
प्रखंड प्रमुख अजय साव ने मामले को निंदनीय बताते हुए विद्यालय की अध्यक्ष एवं संयोजिका पर जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छह नवंबर को जिला दिशा की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाएंगे।

