सगमा (गढ़वा): पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता भानु प्रताप शाही ने शनिवार को सगमा प्रखंड के घघरी गांव पहुंचकर भाजपा के दिवंगत युवा कार्यकर्ता धर्मेंद्र विश्वकर्मा के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। बताते चलें कि सगमा प्रखंड के घघरी गांव निवासी भाजपा के युवा कार्यकर्ता धर्मेंद्र विश्वकर्मा कुछ दिन पूर्व दोपहिया वाहन से दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें इलाज के लिए राजधानी रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब बारह दिनों तक जीवन और मृत्यु से संघर्ष करने के बाद इलाज के दौरान उनकी दुखद मृत्यु हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक धर्मेंद्र विश्वकर्मा को भाजपा के कर्मठ और सक्रिय कार्यकर्ताओं में गिना जाता था। वे शांत स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे, जिसके कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके असामयिक निधन से पार्टी को एक समर्पित कार्यकर्ता की बड़ी क्षति हुई है।
पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने मृतक के पिता श्यामा विश्वकर्मा सहित परिजनों से मिलकर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र का असमय निधन अत्यंत दुखद है और पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि यदि परिवार को किसी प्रकार की समस्या हो तो तुरंत उन्हें सूचित किया जाए।इस दौरान पूर्व मंत्री ने मकरी गांव पहुंचकर भाजपा नेता धीरज जायसवाल की माता तथा भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष निर्जय बैठा की माता के निधन पर भी शोक प्रकट किया।मौके पर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण राम, सांसद प्रतिनिधि मुकेश कुमार चौबे, मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव, महामंत्री धर्मजीत यादव, सोनू जायसवाल, संतोषी कुशवाहा, दिनेश शर्मा, राजेश यादव, पूर्व मुखिया बिनोद कुमार राम, अभय कुमार चौबे, रामचंद्र साह और महेंद्र कुमार जायसवाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

