सगमा (गढ़वा): प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय पुतूर में बच्चों के स्वास्थ्य और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की व्यवस्था को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मंगलवार को कुछ अभिभावक अपने काम से विद्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ अभिभावक रसोईघर देखने चले गए, जहां उन्होंने गैस चूल्हे पर ईंट-बालू के काम में इस्तेमाल होने वाली टूटी-फूटी तगाड़ी में सब्जी बनते देखा। यह देखकर अभिभावकों ने विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रतिमा यादव से सवाल किया कि सब्जी बनाने वाले बर्तन की जगह तगाड़ी में भोजन क्यों बनाया जा रहा है। इस पर उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानाध्यापक स्वर्गीय सच्चिदानंद यादव के समय से ही इसी तगाड़ी में सब्जी बनाई जा रही है। फंड उपलब्ध नहीं होने के कारण बर्तनों की खरीद नहीं हो सकी है।इस घटना के बाद अभिभावकों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की।वहीं, इस संबंध में सगमा बीडीओ सतीश भगत ने कहा कि कचरा फेंकने वाली तगाड़ी में बच्चों का भोजन बनाना बिल्कुल गलत है। मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

