कांडी(गढ़वा):गढ़वा जिला के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद सोमवार को पूरे परिवार के साथ प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने भगवती मंदिर सहित माता लक्ष्मी, काली, साक्षी गणेश, भैरव, सूर्य मंदिर, बजरंगबली, भगवान शिव एवं नंदी महाराज के मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सभी मंदिरों में पूजा संपन्न कराने का कार्य पुजारी नीतीश पाठक ने किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सतबहिनी झरना तीर्थ को गढ़वा जिला का उत्कृष्ट एवं रमणीक पर्यटन स्थल बताते हुए इसके चहुंमुखी विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस स्थल के समुचित विकास से यह भविष्य में गढ़वा जिला का एक आदर्श पर्यटन केंद्र बन सकता है, जिसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर माँ सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति की ओर से माता की चुनरी एवं स्थल का मोमेंटो भेंट कर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश का स्वागत किया गया। साथ ही समिति की ओर से आगामी महायज्ञ के दौरान सतबहिनी झरना तीर्थ पधारने का आमंत्रण भी दिया गया। मौके पर बीडीओ राकेश सहाय, एसआई रौशन राम, सिविल कोर्ट नाजिर दीपक कुमार, सरकोनी पंचायत के मुखिया सुबोध कुमार वर्मा, विभूति नारायण द्विवेदी, सुदर्शन तिवारी, महेन्द्र कुमार, धीरज कुमार पूरी, सुखदेव प्रसाद गुप्ता, अनिल पाल सहित कोर्ट के कई कर्मी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

