कांडी : कांडी प्रखंड क्षेत्र में लगातार गहराती जा रही बिजली की समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य सुषमा कुमारी ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, गढ़वा को पत्र सौंपकर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। कांडी विद्युत ग्रिड में 10 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर शीघ्र स्थापित करने, प्रखंड के गांवों में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए गांव-गांव बिजली मित्र की बहाली करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि कांडी क्षेत्र में लगातार बिजली की मांग बढ़ रही है, लेकिन उपलब्ध विद्युत व्यवस्था उस बढ़ती मांग के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। ऐसे में कांडी ग्रिड में 10 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया जाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इससे विद्युत ग्रिड पर पड़ने वाले अतिरिक्त भार को कम करने के साथ-साथ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को अधिक स्थिर और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि जिन गांवों में वर्तमान में 25 केवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं, वहां विद्युत भार एवं आवश्यकता के अनुसार 63 केवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं। वहीं जिन गांवों में 63 केवीए के ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं, वहां आवश्यकता के अनुसार 100 केवीए के ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं। इससे ओवरलोडिंग, बार-बार ट्रांसफॉर्मर जलने, लो-वोल्टेज एवं अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या को कम किया जा सकेगा।
इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की खराबी एवं तकनीकी समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए गांव-गांव बिजली मित्र की बहाली की मांग की गई है।
उक्त विषय पर जिला परिषद् प्रतिनिधि दिनेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम जनमानस को जानकारी दी एवं विद्युत विभाग से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए कांडी ग्रिड में 10 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने सहित सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 1 सप्ताह में तक कांडी ग्रिड में 10 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाने, नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा गांव-गांव बिजली मित्र की बहाली की दिशा में आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो जिला परिषद के नेतृत्व में ग्रामीण जनता को साथ लेकर कांडी विद्युत ग्रिड में तालाबंदी करते हुए विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

