कांडी(गढ़वा):थाना क्षेत्र अंतर्गत कांडी-मंझीआंव मुख्य सड़क पर चोराटी पहाड़ी के समीप गुरुवार की शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला, एक बुजुर्ग और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर कांडी थाना के एसआई अरुण पासवान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने टेंपो की मदद से सभी घायलों को कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक मनीष सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक तेज रफ्तार से कांडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे मवेशी चरा रहे ओलमा गांव निवासी बुजुर्ग रामबरन चौधरी को जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में रामबरन चौधरी के दोनों पैरों समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।इसके बाद तेज रफ्तार बाइक सवार कथित तौर पर अपना संतुलन खो बैठा और कांडी की ओर आ रही मोटरसाइकिल जोरदार टक्कर मार दी। इस बाइक पर सवार मां-बेटे चटनियां गांव निवासी रूपेश राम और उनकी माता ऊतीमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने बाइक पर सवार घायल युवक के पास से 5,500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने बताया कि उक्त राशि सुरक्षित रखी गई है। घटना के बाद कांडी पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाना ले आई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इधर, घटनास्थल पर जुटे लोगों ने कहा कि कांडी-मंझीआंव मुख्य सड़क पर इन दिनों वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। तेज रफ्तार में वाहन चलाने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने वाहन चालकों से नियंत्रित गति और सावधानी के साथ वाहन चलाने की अपील की है।

