केतार प्रखंड मे सावन की सोमवारी पर पूजा-अर्चना के लिए जल उठाने गईं तीन मासूम बच्चियां सोन नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र स्थित पाचाडुमर सोन नदी घाट की है।
ग्रामीणों ने एक बच्ची को बचाया
हादसे के बाद घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्ची को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि दो बच्चियां अभी भी लापता हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों लापता बच्चियों की तलाश शुरू कर दी गई।
स्नान और जल उठाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सावन की सोमवारी को लेकर पाचाडुमर सोन नदी घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल उठाने पहुंचे थे। इसी दौरान केतार गांव की तीन बच्चियां जूली कुमारी, निक्की कुमारी और प्रिया कुमारी नदी में स्नान करने और जल उठाने के लिए उतरीं। इसी क्रम में तीनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और तेज धार की चपेट में आ गईं।
दो बच्चियों की तलाश जारी
बच्चियों को नदी में बहता देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर प्रिया कुमारी (10 वर्ष) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं जूली कुमारी (लगभग 10-12 वर्ष) और निक्की कुमारी (लगभग 10-12 वर्ष) तेज बहाव में लापता हो गईं। दोनों की तलाश में पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोर लगातार अभियान चला रहे हैं।
केतार गांव में पसरा मातम
दो बच्चियों के लापता होने की खबर से केतार गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोन नदी घाट पर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं और दोनों बच्चियों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

