श्री बंशीधर नगर: श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जासा गांव निवासी एवं नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन के कैंटीन संचालक दया पांडेय की बीती रात संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। दया पांडेय मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे तथा रेल विभाग के कार्यों में भी सहयोग किया करते थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को रेलवे स्टेशन स्थित उनकी कैंटीन में एक सांप निकल आया था। बताया गया कि कुछ साथियों की मदद से उक्त सांप को मार दिया गया था। इसके बाद रात में दया पांडेय अपनी कैंटीन में बैठे हुए थे।
रात में पलामू एक्सप्रेस का समय होने पर स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही शुरू हुई। कुछ लोग उनकी कैंटीन के पास सामान लेने पहुंचे, लेकिन दया पांडेय ने कोई जवाब नहीं दिया और उसी तरह बैठे रहे। कुछ देर बाद अन्य लोग भी वहां पहुंचे और सामान लेने के लिए उन्हें आवाज दी, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
लगातार आवाज देने के बावजूद दया पांडेय के कुछ नहीं बोलने पर लोगों को संदेह हुआ। इसकी सूचना स्टेशन कर्मियों को दी गई। मौके पर पहुंचे स्टेशन कर्मियों ने कैंटीन के अंदर जाकर देखा तो दया पांडेय की हालत देखकर सभी हैरान रह गए। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया।
अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद स्टेशन कर्मी उन्हें गढ़वा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
दया पांडेय की मौत की खबर श्री बंशीधर नगर में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और घटना पर दुख जताते हुए परिजनों को सांत्वना दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

