रवि कुमार मेहता
रमना(गढ़वा):प्रखंड अंतर्गत ग्राम मानदोहर में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एक जागरूकता एवं खेलकूद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिलीदाग एवं गम्हरिया पंचायत के मुखियाओं ने संयुक्त रूप से किया। यह कार्यक्रम एसबीआई फाउंडेशन से संपोषित एवं केजीवीके द्वारा संचालित ग्राम सेवा परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परियोजना द्वारा चयनित पांच गांवों के युवक एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान 300 मीटर दौड़, क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम सेवा परियोजना के माध्यम से 30 जरूरतमंद छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण भी किया गया। इस मौके पर सिलीदाग पंचायत की मुखिया ने अनीता देवी ने कहा कि हम सभी को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है,जिन्होंने अपने विचारों और कर्मों से भारतीय संस्कृति को विश्व पटल पर उच्च स्थान दिलाया। ऐसे महापुरुषों से प्रेरणा लेकर युवाओं को उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम सेवा परियोजना द्वारा जरूरतमंद 30 किशोरियों को साइकिल वितरण एक अत्यंत सराहनीय पहल है,जिससे न केवल छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी,बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी।
वहीं परियोजना प्रबंधक अशोक प्रदीप मिंज ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें। कार्यक्रम के सफल बनाने में तकनीकी प्रबंधक राकेश सिंह, फील्ड ऑफिसर मुकेश तिवारी,प्रेमशंकर सिंह, ग्राम समन्वयक मधु कुमारी, इंद्रदेव राम,अशोक यादव, रुबिया देवी,फिजिकल प्रशिक्षक विकास कुमार सहित अन्य लोग मौजूद है।

