नगर ऊंटारी( गढ़वा):अंधविश्वास और डायन-बिसाही के आरोप में एक महिला के साथ जानलेवा मारपीट करने के मामले में नगर ऊंटारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नामजद महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामला नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव का है। दिनांक 22 अगस्त 2026 को भोजपुर निवासी दिलबसिया देवी (55 वर्ष), पति विशुनदेव उरांव के साथ डायन-बिसाही का आरोप लगाकर कथित रूप से जानलेवा मारपीट की गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान पीड़िता के शरीर पर खौलता हुआ गर्म पानी भी फेंका गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर नगर ऊंटारी थाना कांड संख्या 176/26, दिनांक 22.08.2026 दर्ज किया गया। मामले में BNS की धारा 126(2), 127(2), 115(2), 117(2), 118(1), 118(2), 109, 352, 3(5) तथा डायन-भूत प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मामले के नामजद अभियुक्तों—
1. परमिला देवी (52 वर्ष), पति लालमोहन उरांव
2. दया उरांव (68 वर्ष), पिता स्व. रामा उरांव
3. गया उरांव (70 वर्ष), पिता स्व. रामा उरांव
4. सोनू उरांव (24 वर्ष), पिता स्व. रूपदेव उरांव
5. बिकेश उरांव उर्फ बिकाश उरांव (28 वर्ष)
6. श्रद्धा देवी (50 वर्ष), पति बिहारी उरांव
सभी निवासी ग्राम भोजपुर, थाना नगर ऊंटारी, जिला गढ़वा, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास पर विश्वास न करें और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं से दूर रहें। इस तरह की किसी भी घटना या शिकायत की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी महिला या पुरुष पर डायन-बिसाही का आरोप लगाकर उसे प्रताड़ित करने, मारपीट करने या सार्वजनिक रूप से अपमानित करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

