रंका(गढ़वा):रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को एक सर्पदंश पीड़ित को सफलतापूर्वक उपचार किया गया। इस सफलता के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब सर्पदंश के बाद मरीज को गढ़वा सदर अस्पताल रेफर करने की आवश्यकता कम हो रही है। जानकारी के अनुसार तमगेकला गांव निवासी राजेश सिंह (40 वर्ष) पिता दिनेश्वर सिंह को एक जहरीले सांप (बहिरा जाड़ा) ने काट लिया था। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका पहुंचाया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ असजद अंसारी के निर्देशन में डाॅ गोरखनाथ पांडेय एवं चिकित्सकों की टीम ने मरीज का उपचार शुरू किया।समय पर एंटी स्नैक वेनम इंजेक्शन मिलने से मरीज के स्थिति में सुधार हुआ। लोगों का कहना है कि पहले एंटी स्नैक वेनम इंजेक्शन लगाने के लिए बाइस किलोमीटर दूर गढ़वा सदर अस्पताल जाना पड़ता था। जिससे उपचार में समय लगने के साथ साथ लोगों कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।अब रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी स्नैक वेनम इंजेक्शन मिलने से और कुशल चिकित्सकीय सुविधा मिलने से लोगो को राहत मिली है। लोगों ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ असजद अंसारी और चिकित्सक टीम की सराहना करते हुए कहा है कि अब रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर सुविधा का लगातार विस्तार हो रहा है।

