कांडी(गढ़वा): किशुन राज पब्लिक हाई स्कूल, बलियारी में सोमवार को विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिषेक कुमार दुबे के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके योगदान को याद किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भावुक माहौल बना रहा।
विद्यालय के शिक्षकों ने प्रधानाध्यापक अभिषेक कुमार दुबे को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह तथा विशेष उपहार भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शैक्षणिक, अनुशासनिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया।
उन्होंने विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर कक्षा दो की छात्रा आराध्या पांडेय सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने भी अपने प्रिय प्रधानाध्यापक को उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान एवं स्नेह प्रकट किया। बच्चों ने कहा कि अभिषेक कुमार दुबे सदैव उन्हें प्रेरित करते रहे और उनका मार्गदर्शन करते रहे।
अपने संबोधन में प्रधानाध्यापक अभिषेक कुमार दुबे ने कहा कि विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों का स्नेह उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका प्रयास हमेशा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित रहेगा।
उन्होंने सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षक उमेश मिश्रा, सिद्धेश्वर दुबे, महेंद्र मिश्रा, राजू रंजन पाल, रमाकांत पांडेय, कृष्णा राम, नागेंद्र प्रसाद, प्रकाश दुबे, अनीता वर्मा, सृष्टि प्रभात, रोजाना खातून, नगमा खातून, रोहिणी पांडेय, शिशु देवी, प्रिया कुमारी, सुनील दुबे एवं लवली प्रभात सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

