सगमा(गढ़वा):कोर्ट के आदेश पर घर से बेदखल किए गए भुइयां समाज के परिवारों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आ गया। बेदखली के बाद धरने पर बैठे भुइयां परिवारों ने शाम होते ही सगमा–धुरकी मुख्य सड़क पर भोजन बनाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। दिन के करीब दो बजे से ही महिलाओं, पुरुषों और छोटे-छोटे बच्चों के साथ सड़क जाम कर वे वरीय पदाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं।
धरने पर बैठे परिवारों का कहना है कि अचानक बेदखल किए जाने से उनके सामने भूख और छत दोनों का संकट खड़ा हो गया है। भूख से बिलबिलाते बच्चों को देखते हुए मजबूरन उन्होंने सड़क के बीच ही चूल्हा जलाकर खाना बनाना शुरू किया। धरना दे रहे कुल सोलह परिवारों ने अलग-अलग सोलह चूल्हे जलाए हैं और साफ शब्दों में कहा है कि जब तक उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था या पुनर्वास नहीं दिया जाएगा, तब तक वे धरना स्थल से हटने वाले नहीं हैं।
भुइयां परिवारों द्वारा सगमा–धुरकी मुख्य पथ को जाम किए लगभग पांच घंटे बीत चुके हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक न तो कोई जनप्रतिनिधि और न ही कोई प्रशासनिक अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचा है। अधिकारियों की अनुपस्थिति से आक्रोशित परिवारों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

