
सगमा (गढ़वा):प्रखंड अंतर्गत के सगमा गांव स्थित मुसहर टोला में ठंड से जूझ रहे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सतीश भगत ने मुसहर एवं तुरिया समुदाय के परिवारों के बीच कंबल वितरित कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया। कंबल पाकर जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर खुशी और सुकून साफ झलक रहा था।
इस अवसर पर उप प्रमुख अर्जुन पासवान, पंचायत के मुखिया तेजलाल राम तथा उप मुखिया मंगलेश कुमार यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि झारखंड सरकार की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब और वंचित परिवारों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब समाज के हर वर्ग, विशेषकर मुसहर, तुरिया जैसे अत्यंत पिछड़े समुदायों तक इसका सीधा लाभ पहुंचे।
बीडीओ सतीश भगत ने कहा कि ठंड के मौसम में कंबल जैसे आवश्यक संसाधन गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत होते हैं। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सर्दी से प्रभावित न हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों को सहायता प्रदान की जाती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से उन्हें सुरक्षा और सम्मान का एहसास होता है। कंबल वितरण कार्यक्रम ने प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया। इस मौके पर चोन्हास एक्का, पंचायत सचिव प्रिया चौबे,देवचंद यादव सहित कई लोग उपस्थित थे।

