मझिआंव(बारडीहा ): बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझिआंव बरडीहा कांडी मुख्य सड़क लालागढ़ा गांव में गुरुवार तड़के करीब 2 बजे एक ट्रक (नंबर: जेएच 03 पी 6576) अनियंत्रित होकर 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा और उससे जुड़े तार क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना के कारण कांडी और बरडीहा प्रखंड की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना रात करीब 2 बजे हुई। हालांकि, इस हादसे में ट्रक चालक पूरी तरह सुरक्षित है। चालक ने बताया कि ट्रक की स्टीयरिंग फेल हो जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। घटना की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है। विद्युत विभाग की टीम क्षतिग्रस्त पोल और तारों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई है।

