रंका: रांची धुर्वा के मौसीबाड़ी से लापता हुए दो मासूम बच्चे अंश और अंशिका की तलाश में रंका गढ़वा पुलिस ने पोस्टर अभियान शुरू किया है। मंगलवार को गढ़वा पुलिस ने जिले के विभिन्न प्रखंडों के चौक चौराहे व बाजारों में अंश और अंशिका को लेकर पोस्टर अभियान शुरू की। पोस्टर में अंश और अंशिका की तस्वीर के साथ सारी जानकारियां दी गई हैं। पोस्टर में अनुरोध किया गया है कि बच्चों के बारे में कुछ भी जानकारी मिले तो पुलिस को सूचना दें। रांची पुलिस ने दोनों बच्चों के बारे में सूचना देने वाले को ₹4 लाख का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने सभी संगठनों से भी अपने-अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की मदद से इन बच्चों की जल्द बरामदगी में सहायता करने की पुरजोर अपील की है। इसी क्रम में रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी के नेतृत्व में रंका थाना क्षेत्र में भी पोस्टर अभियान चलाया जा रहा है।

