सगमा (गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा दक्षिण गांव में बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दो युवक घायल हो गए। घटना सोनडीहा दक्षिण स्थित चारमुहान के पास हुई। जानकारी के अनुसार कटहर कला निवासी रविंद्र उरांव (लगभग 20 वर्ष) विंधमगंज की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी दिशा से सोनडीहा गांव निवासी प्रशांत गुप्ता (लगभग 22 वर्ष) अपनी बाइक से आ रहे थे। चारमुहान के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना धुरकी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना के एसआई सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।nप्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों युवकों को श्री बंशीधर नगर रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों घायलों को हाथ-पैर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हालांकि चिकित्सकों ने बताया कि दोनों युवक खतरे से बाहर हैं। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

