कांडी(गढ़वा):कांग्रेस के युवा नेता प्रभात दुबे उर्फ बडू दुबे ने शुक्रवार को विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने कांडी प्रखंड अंतर्गत देवडीह, शिवपुर, राणाडीह तथा कांडी गांव का दौरा किया और आम जनों से सीधे संवाद स्थापित किया।भ्रमण के क्रम में देवडीह गांव निवासी रामराज चौधरी के निधन की सूचना मिलने पर प्रभात दुबे ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की तथा हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी राकेश सहाय से दूरभाष पर बातचीत कर दिवंगत के परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सभी आवश्यक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया।इसके पश्चात प्रभात दुबे ने कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से मुलाकात कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान क्षेत्र के कई ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, आवास, वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य जनसमस्याएं उनके समक्ष रखीं। प्रभात दुबे ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समाधान कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव आम जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

