
सगमा(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र की कटहर कलां पंचायत अंतर्गत शारदा गांव में मां दुर्गा संघ की ओर से धार्मिक धारावाहिक ‘कृष्णा’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय थाना प्रभारी जनार्दन राउत, मां दुर्गा संघ के अध्यक्ष कुंजेश कुमार एवं मुखिया प्रतिनिधि ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इससे पूर्व समिति के पुरोहित सतीश पाण्डेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक माहौल बना रहा। इस अवसर पर पूजा समिति के अध्यक्ष कुंजेश कुमार एवं अन्य सदस्यों ने थाना प्रभारी जनार्दन राउत को श्री बंशीधर-राधिका जी का चित्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील समारोह को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने ग्रामीणों एवं पूजा समिति के सदस्यों से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था, श्रद्धा और भक्ति का महापर्व है। इसे आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाना चाहिए।
उन्होंने समिति के सदस्यों को सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होने देने की सलाह दी। थाना प्रभारी ने पूजा पंडाल की पवित्रता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि पंडाल परिसर में मदिरा, गुटखा और सिगरेट जैसी नशीली वस्तुओं का सेवन पूरी तरह वर्जित रखा जाए। इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं होंगी और पूजा का माहौल भी बेहतर बना रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने तथा पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर समिति के उपाध्यक्ष अनुज सिंह, सत्य प्रकाश पाण्डेय, सचिव अमित कुमार रजक, उप सचिव अजीत कुमार उरांव, अनूप कुमार, उमेश सिंह, अक्षय सिंह, आशीष कुमार, नान्हू बैठा, बीडीसी प्रतिनिधि रामपवन सिंह, वार्ड सदस्य लालबहादुर बैठा, महेन्द्र बैठा, राकेश पाण्डेय, रवि कुमार, धर्मेन्द्र पाण्डेय, नकछेदी बैठा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

