नगर उंटारी (गढ़वा): नगर उंटारी थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव में दहेज की मांग को लेकर एक 18 वर्षीय विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और अंततः उसकी हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की मां फूल कुमारी देवी (पति- प्रभु प्रसाद) के लिखित आवेदन पर नगर उंटारी थाने में पति समेत परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पांच माह पूर्व हुई थी शादी
दर्ज मामले के अनुसार, आवेदिका की पुत्री नेहांसी कुमारी (उम्र लगभग 18 वर्ष) का विवाह पांच महीने पहले अप्रैल 2026 में नरखोरिया गांव निवासी रामदेव प्रसाद के पुत्र रवि प्रसाद के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित करने लगे थे। जिसपर मायके वालों ने जताई असमर्थता, तो दी दर्दनाक मौत। मृतका की मां ने आवेदन में कहा है कि वे लोग अत्यंत गरीब परिवार से हैं, जिसके कारण दहेज की इस भारी-भरकम मांग को पूरा करने में पूरी तरह असमर्थ थे। असमर्थता जताने के बावजूद ससुराल वालों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। आरोप है कि 14 सितंबर 2026 को शाम करीब 5:00 बजे दहेज की मांग पूरी न होने से आक्रोशित होकर ससुराल वालों ने विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे फांसी के फंदे से लटका दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इन लोगों को बनाया गया आरोपी
पुलिस ने आवेदिका की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों में मृतका का पति रवि प्रसाद, ससुर रामदेव प्रसाद, भैंसुर रामाशीष साव, जेठानी सरोज देवी (पति- सत्येंद्र कुमार), देवर सत्येंद्र प्रसाद और मनीष कुमार (दोनों पिता- रामदेव प्रसाद) शामिल हैं। ये सभी नरखोरिया गांव के निवासी हैं।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस मामले में BNS एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के सुसंगत धाराओं के तहत नगर ऊंटारी थाना कांड संख्या 187/26 दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के निर्देश पर मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, अन्य आरोपियों के विरुद्ध जांच कर शीघ्र की जाएगी कार्रवाई। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने इस संबंध में बताया कि इस तरह की घटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांड दर्ज करने के उपरांत मृतिका के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, शेष लोगों की संलिप्तता के बारे में पता किया जा रहा है, संलिप्तता पाए जाने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

