कांडी(गढ़वा:थाना क्षेत्र के खरौंधा पंचायत अंतर्गत भुड़वा गांव में गुरुवार की रात बिजली करंट की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक अंकुश श्रीवास्तव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। युवक की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अंकुश श्रीवास्तव मूल रूप से नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के सरहसताल गांव निवासी गोविंद बिहारी श्रीवास्तव का पुत्र था। पिता के निधन के बाद वह अपनी मां के साथ ननिहाल भुड़वा गांव में रह रहा था। बताया जाता है कि गुरुवार की रात वह शौच के लिए कोयल नदी की ओर गया था। इसी दौरान रास्ते में कीचड़ होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह वहां लगे बिजली मोटर के पास गिर पड़ा। इसी क्रम में वह बिजली करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कांडी थाना के एसआई रविशंकर मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए शव को कब्जे में लिया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। अंकुश अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। परिवार में उसकी 17 वर्षीय बहन और एक छोटा भाई भी है। पिता के निधन के बाद परिवार की सारी उम्मीदें अंकुश पर टिकी थीं। उसकी मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी के साथ-साथ छोटे भाई-बहन के भविष्य का संकट भी खड़ा हो गया है। बेहद गरीब परिवार एक झोपड़ी में किसी तरह जीवन गुजार रहा था। पति को पहले ही खो चुकी मां पर अब जवान बेटे की मौत का असहनीय दुख टूट पड़ा है। परिवार की जिम्मेदारी अब पूरी तरह मां के कंधों पर आ गई है।

