60 से अधिक शिक्षक रहेंगे तैनात, प्रत्येक 12 परीक्षार्थियों पर एक शिक्षक की होगी नियुक्ति; कदाचारमुक्त परीक्षा कराने को प्रशासन मुस्तैद
मझिआंव (गढ़वा)। झारखंड सरकार की ओर से 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को लेकर मझिआंव प्रखंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के लिए शिवेश्वर चंद्रवंशी महाविद्यालय, मुखदेव हाई स्कूल एवं आरके पब्लिक स्कूल को केंद्र बनाया गया है।
इसकी जानकारी शिवेश्वर चंद्रवंशी महाविद्यालय के केंद्र अधीक्षक सह प्राचार्य मिथिलेश प्रसाद सिंह एवं उपकेंद्र अधीक्षक अश्वनी कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए 60 से अधिक शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। वहीं, प्रत्येक 12 परीक्षार्थियों पर एक शिक्षक नियुक्त रहेंगे।परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली में परीक्षार्थियों को सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा, जबकि परीक्षा सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी। वहीं, दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे से 1:30 बजे तक प्रवेश का समय निर्धारित किया गया है। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगी।केंद्र अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए केंद्र प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इस दौरान शिक्षक रिंकू तिवारी, कृष्ण ठाकुर एवं लक्ष्मीकांत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

