धुरकी(गढ़वा): प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अनुरंजन झा ने मंगलवार को पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, खुटिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं में संचालित पठन-पाठन, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को निर्देश दिया कि SIR फॉर्म भरने का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंच बनाकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करते हुए प्रपत्र भरवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।बीडीओ अनुरंजन झा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए तथा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, त्रुटि या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित पदाधिकारी को दें और समय रहते उसका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी बीएलओ पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार यादव, शिक्षकगण एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

