
धुरकी(गढ़वा): धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन रावत की अध्यक्षता में राजकीय मध्य विद्यालय रक्सी में साइबर अपराध, सड़क दुर्घटना, नशामुक्ति, बाल विवाह, डायल-112, महिला एवं बालकों के विरुद्ध अपराध, पोक्सो एक्ट तथा डायन प्रथा की रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई।थाना प्रभारी ने साइबर अपराध के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति बैंक अधिकारी बनकर मोबाइल पर ओटीपी, बैंक खाता संख्या या अन्य गोपनीय जानकारी मांगे तो उसे साझा नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी ओटीपी के माध्यम से लोगों की मेहनत की कमाई को ठगी कर खाते से निकाल लेते हैं।
यातायात सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को वाहन नहीं देना चाहिए तथा बिना हेलमेट और आवश्यक सुरक्षा उपायों के वाहन नहीं चलाना चाहिए। उन्होंने नशामुक्ति का संदेश देते हुए नशा का सेवन और इसके कारोबार से दूर रहने की अपील की।दहेज प्रथा पर चिंता जताते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि दहेज लेना और देना दोनों अपराध हैं। इससे सामाजिक सद्भाव प्रभावित होता है तथा बेटियों के विवाह में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने समाज में दहेज मुक्त वातावरण बनाने का आह्वान किया। इसके अलावा डायन प्रथा सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी के साथ पुलिस बल तथा विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित थे।

