बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कधवन ग्राम स्थित भुइया टोला में शादी के महज पांच दिन बाद एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला अब थाना तक पहुंच चुका है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार, कधवन निवासी छोटेलाल भुइया के पुत्र कुंदन भुइया की शादी 7 मई को जमुई ग्राम निवासी स्वर्गीय मुनि भुइया की पुत्री सुमित्रा कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुई थी। शादी के बाद नवविवाहिता ससुराल पहुंची और सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन 12 मई को ससुराल पक्ष को जानकारी मिली कि युवती लगभग चार माह की गर्भवती है। यह बात सामने आते ही दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया और विवाद बढ़ते-बढ़ते थाना तक पहुंच गया।
थाना में दिए आवेदन में सुमित्रा कुमारी ने गांव के ही राजकुमार चंद्रवंशी के पुत्र विकास चंद्रवंशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष से दोनों के बीच प्रेम संबंध था और गर्भ में पल रहा बच्चा उसी का है। युवती ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं ससुराल पक्ष ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें इस सच्चाई की जानकारी पहले नहीं दी गई थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी स्थिति में वे लड़की को अपने घर में नहीं रख सकते।पति कुंदन भुइया ने बताया कि पहली रात को ही पत्नी ने किसी ओझा के कहने पर पांच साल तक दूरी बनाए रखने की बात कही, जिससे उन्हें शक हुआ। बाद में कथित प्रेमी का फोन आने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना के बाद दोनों गांवों में चर्चा का माहौल है और लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि युवती के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।

