
धुरकी(गढ़वा):गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन एवं पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया। अंचल अधिकारी (सीओ) के निर्देश तथा खनन विभाग से प्राप्त पत्राचार के आलोक में धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में रविवार की अहले सुबह विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अवैध रूप से बालू का उत्खनन कर परिवहन कर रहे एक टिप्पर और एक ट्रैक्टर को धर दबोचा। दोनों वाहनों को तत्काल जब्त कर धुरकी थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा संबंधित विभागों को भी इसकी सूचना भेज दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन, खनिज संपदाओं की चोरी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए ऐसे अभियान लगातार चलाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

