श्री बंशीधर नगर (गढ़वा):नगर उंटारी क्षेत्र में एक बेहद संवेदनशील और चर्चित मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने युवक पर पहचान छुपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी का झांसा देने और बाद में मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रांची जिला के बेड़ों थाना क्षेत्र के केशा गांव निवासी कांति ऊरईन ने शनिवार को नगर उंटारी महिला थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। युवती ने बताया कि करीब छह महीने पहले वह हैदराबाद में काम कर रही थी, इसी दौरान उसकी मुलाकात कुष्डदंड गांव निवासी इनायत अंसारी से हुई।
पहचान छुपाकर बनाया रिश्ता
आरोप है कि इनायत अंसारी ने खुद को “सोनू” नाम से हिंदू और अविवाहित बताकर युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया। भरोसा जीतने के बाद जनवरी 2026 में शादी का झांसा देकर उसे अपने घर ले आया।
घर पहुंचते ही खुली सच्चाई
कांति के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद उसे पता चला कि “सोनू” असल में इनायत अंसारी है, जो पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है। सच्चाई सामने आने के बाद युवती के होश उड़ गए।
जबरन दबाव और प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके साथ जबरन गौमांस खिलाने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, खाने-पीने और अन्य जरूरी खर्च भी बंद कर दिए गए।
परिवार पर भी गंभीर आरोप
आवेदन में युवती ने इनायत अंसारी के साथ-साथ उसके पिता जहरूदीन अंसारी, मां मैरून बीबी और अन्य परिजनों पर भी मारपीट और प्रताड़ना में शामिल होने का आरोप लगाया है। पहले भी हुआ था समझौता! सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पहले भी आवेदन दिया गया था, लेकिन उस समय महिला पुलिस ने समझौता कराकर युवती को वापस युवक के घर भेज दिया था। पुलिस ने शुरू की जांच मामले पर महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

