श्री बंशीधर नगर (गढ़वा):राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति तथा कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार नगर उंटारी प्रखंड कार्यालय परिसर में केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण जागरूकता एवं संवितरण को लेकर प्रखंड स्तरीय विशेष अभियान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर उंटारी ने की। इस अवसर पर किसानों को केसीसी योजना से जोड़ने तथा उन्हें सुलभ ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न बैंकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
शिविर का आयोजन संस्था अग्रगति के सीएफएल को-ऑर्डिनेटर जनार्दन प्रसाद यादव एवं प्रशिक्षिका ऐसून खातून के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया तथा केनरा बैंक, नगर उंटारी शाखा के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। जिला अग्रणी बैंक के एलडीएम श्री सत्यदेव कुमार रंजन (भारतीय स्टेट बैंक) ने उपस्थित किसानों को केसीसी योजना की उपयोगिता, पात्रता, लाभ एवं ऋण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बैंक कर्मियों को अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने केसीसी आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए किसानों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ केवाईसी दस्तावेज (आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि), बैंक पासबुक, भूमि से संबंधित कागजात व वर्तमान ऑनलाइन लगान रसीद, दो लाख रुपये तक के लिए भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र (एलपीसी), अंचल अधिकारी अथवा संबंधित कर्मचारी द्वारा सत्यापित वंशावली तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य हैं।इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि नगर उंटारी प्रखंड में आगामी 20 जनवरी 2026 को पुनः प्रखंड स्तरीय केसीसी अभियान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक किसान उपस्थित होकर योजना का लाभ ले सकते हैं। शिविर में प्रमुख रूप से प्रखंड तकनीकी प्रबंधक विजय कुमार यादव, सरोज कुमार (एग्री क्लीनिक), जेएसएलपीएस बीपीएम अविनाश शुक्ला, किसान मित्र अरुण चौबे, परशुराम, उपेंद्र कुमार, मुकेश शुक्ला, रामबचन राम सहित सैकड़ों महिला-पुरुष ग्रामीण किसान मौजूद रहे।

