
सगमा (गढ़वा):झारखंड एकेडमिक काउंसिल की वार्षिक परीक्षा में सगमा प्रखंड के बीरबल गांव स्थित प्लस टू विद्यालय की छात्राओं ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की विज्ञान संकाय की छात्रा एवं घघरी गांव निवासी सहायक शिक्षक सह प्रगतिशील किसान दीपक यादव की पुत्री सरस्वती कुमारी ने 82.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रखंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। वहीं कॉमर्स संकाय में उपेंद्र विश्वकर्मा की पुत्री निशा कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर प्रखंड का मान बढ़ाया है।
दोनों छात्राओं की सफलता से परिवार तथा पूरे प्रखंड में खुशी का माहौल है। बधाई देने वालों का लगातार तांता लगा हुआ है। उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष भी सगमा प्रखंड की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन कर अपना परचम लहराया था।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रत्युष कुमार दुबे ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से विद्यालय की छात्राएं लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिप सदस्य अंजू यादव, घघरी मुखिया सरोज देवी, बीरबल मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा सहित कई समाजसेवियों ने छात्राओं को हार्दिक बधाई दी।

