कांडी(गढ़वा):प्रखंड अंतर्गत राणाडीह क्षेत्र के भंडरिया निवासी सेवानिवृत्त पंचायत सचिव कामेश्वर सिंह की नातिन, संजय कुमार सिंह की पुत्री एवं खबर मंत्र के पत्रकार अनुप कुमार सिंह की 27 वर्षीय भतीजी स्वर्णिम सिंह का चयन झारखंड हाई कोर्ट में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के पद पर हुआ है। गुरुवार को चयन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस संबंध में पत्रकार अनुप कुमार सिंह ने बताया कि स्वर्णिम सिंह की सफलता संघर्ष और निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने रांची में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त की और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य पर डटी रहीं। उनकी आत्मविश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। वहीं स्वर्णिम सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उनके पिता संजय कुमार सिंह एवं माता पूनम देवी ने शिक्षा के प्रति हमेशा प्रोत्साहित किया और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया। पिता संजय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा कभी व्यर्थ नहीं जाती और सही मार्ग चुनकर मेहनत की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। स्वर्णिम सिंह की इस उपलब्धि पर उनके दादा कामेश्वर सिंह सहित परिवार के सभी सदस्यों व रिश्तेदारों ने आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी हैं। यह सफलता पूरे गांव और प्रखंड के लिए गौरव की बात है।

