सगमा (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र के दुसैया गांव निवासी अभिनव चौबे ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 93.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सगमा प्रखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।अभिनव चौबे दुसैया गांव निवासी दयानंद चौबे के बड़े पुत्र हैं। उनके पिता मेदिनीनगर में एसीबी विभाग में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं। अभिनव वर्तमान में मेदिनीनगर स्थित ब्राइट लैंड पब्लिक स्कूल के छात्र हैं। उनकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि उन्होंने इतने उत्कृष्ट अंक हासिल किए हैं।
अभिनव की सफलता पर सगमा प्रखंड के बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। समाजसेवी रामोद प्रसाद ने कहा कि यदि बच्चों को अभिभावकों का सही मार्गदर्शन मिले और पढ़ाई का वातावरण अच्छा हो, तो वे कम समय में भी बेहतर परिणाम ला सकते हैं। अभिनव ने यह साबित कर दिखाया है।वहीं अभिनव के माता-पिता ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी गुरुजनों के आशीर्वाद और सहयोग से यह सफलता संभव हो सकी है।अभिनव ने अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि अभी आगे और अधिक मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने अपने माता-पिता और गुरुजनों को इस उपलब्धि का श्रेय देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही यह मुकाम हासिल हुआ है।

