केतार(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के बलिगढ़ पंचायत अंतर्गत चेचरिया गांव में सामाजिक क्रांति के अग्रदूत भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। डॉ. भीमराव अम्बेडकर विचार मंच के तत्वावधान में आगामी 14 नवंबर को भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।इस ऐतिहासिक पहल को लेकर रविवार को विचार मंच के पदाधिकारियों ने नगर गढ़ में विधायक अनंत प्रताप देव से मुलाकात की।जहां कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा और तिथि पर मुहर लगी।विधायक इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
तैयारियां तेज, ग्रामीणों ने लिया संकल्प
फिलहाल प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन का कार्य संपन्न होगा, जबकि अनावरण समारोह बाद में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्सव का माहौल है। विचार मंच के अध्यक्ष लालेश्वर राम की अध्यक्षता में हुई बैठक में रमेश राम,सुनील राम,योगेंद्र राम,शिव राम और आनंद कुमार सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का मानना है कि बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित होने से क्षेत्र में शिक्षा, समानता और सामाजिक जागरूकता के विचारों को एक नई संजीवनी मिलेगी।

