
सगमा(गढ़वा):प्रखंड अंतर्गत सोनडीहा पंचायत के कलमा गांव में संचालित मनरेगा योजना के तहत डोभा निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता सामने आई है। मजदूरों को रोजगार देने के उद्देश्य से चल रही इस योजना में नियमों को ताक पर रखकर रात्रि के समय जेसीबी मशीन से खुदाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। वायरल वीडियो की जांच लोकपाल सुशील कुमार तिवारी द्वारा की गई। जांच के दौरान यह स्पष्ट रूप से पुष्टि हुई कि डोभा निर्माण कार्य में मजदूरों के बजाय जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रखंड प्रशासन ने इसे मनरेगा दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन माना है।इस मामले में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) कुमार अभय द्वारा धुरकी थाना में अज्ञात जेसीबी मशीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि के लिए स्थल निरीक्षण भी किया गया, जहां मशीन से खुदाई किए जाने के स्पष्ट प्रमाण मिले हैं।
इस संबंध में कनीय अभियंता अविनाश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने से पूर्व ही उक्त योजना का भुगतान किया जा चुका था। हालांकि, जेसीबी मशीन के उपयोग के स्पष्ट साक्ष्य मिलने के बाद संबंधित योजना के भुगतान पर रोक लगा दी गई है। साथ ही, मामले में मेठ उमेश यादव को नोटिस जारी किया गया है। यदि निर्धारित समय के भीतर नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो योजना को पूरी तरह बंद कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से मनरेगा योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की उम्मीद जताई जा रही है।

