बंशीधर नगर : पुलिस ने गत दिनों विशुनपुरा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा बाजार स्थित मनोकामना ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक शातिर को को गिरफ्तार करते हुये उसके पास से चोरी की गई नकदी व जेवरात को बरामद कर लिया है। वह गढ़वा थाना क्षेत्र के महुलिया गांव का रहने वाला है। यह जानकारी एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने दी।वे मंगलवार को अपने कार्यकाल कक्ष में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गत दिनों विशुनपुरा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा बाजार स्थित मनोकामना ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान में अज्ञात चोरों ने दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। चोरी के क्रम में चोरों के द्वारा 37 हजार रुपये नकद, सोने का लॉकेट, एक जोड़ी कान का टॉप एवं नथिया चोरी कर फरार हो गये थे। घटना के बाद विशुनपुरा थाना में मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि मामले के उद्भेदन के लिये पुलिस निरीक्षक जितेन्द्र कुमार आजाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में विशुनपुरा थाना के थाना प्रभारी राहुल सिंह, रमना के थाना प्रभारी आकाश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। एसडीपीओ ने बताया कि गुप्त सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महुलिया गांव निवासी 23 वर्षीय मुटुर पाल उर्फ अतिन्द्र पाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 22 हजार 500 रुपये नकद, एक जोड़ी कान का टॉप, ओम लिखा सोने का लॉकेट तथा एक की-पैड मोबाईल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शेष पैसे उसने खर्च कर दिये और नशे की हालत में कुछ रकम कहीं गिर गई।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने रमना थाना क्षेत्र में नवंबर 2025 में संजीव किराना दुकान से भी 50 हजार रुपये की चोरी करने की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस मामले में रमना थाना में मामला दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्रेसवार्ता में एसडीपीओ के साथ पुलिस निरीक्षक जितेन्द्र कुमार आजाद, विशुनपुरा थाना के थाना प्रभारी राहुल सिंह, रमना के थाना प्रभारी आकाश कुमार आदि मौजूद थे।

