कांडी(गढ़वा):थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राणाडीह एवं मुखापी के समीप संचालित बालू स्टॉक यार्ड का बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पाण्डेय एवं बीडीओ सह अंचल अधिकारी राकेश सहाय ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह बालू स्टॉक यार्ड एम/एस गुप्ता ट्रेडर्स, प्रोपराइटर अजय गुप्ता के नाम से संचालित पाया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन को बताया कि उक्त बालू स्टॉक यार्ड लगभग 15 दिन पूर्व ही स्टॉक किया गया है। वहीं क्षेत्र के बुद्धिजीवी ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्टॉक यार्ड की अनुमति लेकर अवैध रूप से रात्रि के समय कोयल नदी से बालू का उठाव कर यहां भंडारण किया गया है, जबकि नियमानुसार सरकारी बालू घाट से ही बालू उठाव किया जाना चाहिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच के उपरांत दोनों बालू स्टॉक को सीज कर दिया। इस संबंध में एसडीएम संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि निरीक्षण के क्रम में नियमों का उल्लंघन पाया गया है, जिसके कारण यह कार्रवाई की गई है। आगे संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इसके पश्चात एसडीएम द्वारा राणाडीह स्थित चंद्रशेखर दुबे उच्च विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की कार्यप्रणाली असंतोषजनक पाई गई, जिस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए विद्यालय के शिक्षकों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया।मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी राकेश सहाय, राणाडीह मुखिया ललित बैठा सहित अन्य उपस्थित थे।

