डंडई(गढ़वा):प्रखंड के पचौर पंचायत अंतर्गत बालेखाड़ गांव में बालेखाड़ प्रीमियर लीग-2026 का भव्य उद्घाटन उत्साह और जोश के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडे व विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने बैटिंग कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। पहले मुकाबले में डंडई और राजबांश की टीम आमने-सामने हुई। राजबांश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 70 रन बनाए। जवाब में डंडई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छठे ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
दूसरे मैच में बरवाडीह और लावाही के बीच मुकाबला हुआ। बरवाडीह ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 90 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी लावाही की टीम 55 रन पर सिमट गई और बरवाडीह ने मैच जीत लिया। मुख्य अतिथि मुक्तेश्वर पांडे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने कहा कि खेलकूद से समाज में भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। टूर्नामेंट को सफल बनाने में अध्यक्ष नीलकंठ सिंह, सचिव सचिन सूबेदार राम, कोषाध्यक्ष सुजीत विश्वकर्मा, मीडिया प्रभारी बिंदु कुमार सहित कई लोगों की अहम भूमिका रही।

