
सगमा(गढ़वा) : धुरकी थाना क्षेत्र के बीरबल गांव से पुलिस ने एक अधेड़ मौलाना के साथ एक विवाहिता महिला को बरामद किया है। घटना को लेकर गांव में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार अहले सुबह बीरबल गांव निवासी कलाम अंसारी के घर में एक मौलाना के साथ दूसरे समुदाय की महिला को संदिग्ध स्थिति में देखा गया। देखते ही देखते यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर सगमा प्रखंड प्रमुख अजय साह मौके पर पहुंचे और मौलाना से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मौलाना ने अपना नाम अकबर अंसारी तथा पता ओबरा, सोनभद्र बताया, लेकिन वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। इसके बाद प्रमुख ने महिला से पूछताछ की। महिला ने अपना नाम प्रीति दीक्षित, पति मुकेश दीक्षित निवासी अनपरा, सोनभद्र बताया। महिला ने कहा कि उसे झाड़-फूंक के नाम पर यहां लाया गया है। महिला के साथ गोद में दो माह का बच्चा भी था।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद इसकी सूचना धुरकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने एएसआई के नेतृत्व में पुलिस बल को बीरबल गांव भेजा। पुलिस द्वारा सत्यापन किए जाने पर महिला ने फिर वही बात दोहराई कि उसे झाड़-फूंक के बहाने यहां लाया गया था।
पुलिस ने महिला से उसके पति का मोबाइल नंबर लेकर संपर्क किया। पति मुकेश दीक्षित ने बताया कि उक्त मौलाना का उनके घर झाड़-फूंक के सिलसिले में आना-जाना था, लेकिन दो दिन पूर्व उनकी पत्नी अचानक घर से गायब हो गई थी। इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाना ले गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

