कांडी(गढ़वा):प्रखंड अंतर्गत शिवपुर गांव निवासी सेवा निवृत्त भारतीय सैनिक सूबेदार मेजर अरविंद पांडेय के पुत्र अविनाश पांडेय ने भारतीय थल सेना में आर्मी पायलट अधिकारी बनकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से कठोर प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत 13 दिसंबर को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में स्टार लगाकर उन्होंने अधिकारी पद की शपथ ली। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उनके पिता अरविंद पांडेय एवं माता पूनम पांडेय उपस्थित रहीं। अविनाश पांडेय की प्रारंभिक शिक्षा बेंगलुरु स्थित आर्मी स्कूल से हुई। बचपन से ही देशसेवा का सपना संजोए अविनाश ने अपने पिता से प्रेरणा लेकर एनडीए की तैयारी की और वर्ष 2021 में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित एनडीए परीक्षा में सफलता हासिल की। इसके पश्चात चार वर्षों के कठिन, अनुशासित और चुनौतीपूर्ण सैन्य प्रशिक्षण के बाद उन्हें भारतीय थल सेना में अधिकारी के रूप में नियुक्ति मिली। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद अविनाश पांडेय को भारतीय थल सेना के एविएशन कोर में पायलट के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है, जो निश्चय ही अत्यंत गौरव का विषय है। उनके परिवार में एक भाई एवं एक बहन हैं। उनकी बहन अनन्या पांडेय वर्तमान में बेंगलुरु स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा हैं, जबकि उनकी माता पूनम पांडेय गृहिणी हैं। अविनाश की इस उपलब्धि से शिवपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। शुभचिंतकों, रिश्तेदारों एवं ग्रामीणों द्वारा फोन और संदेशों के माध्यम से लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। वर्तमान में अविनाश अपने माता-पिता के साथ बेंगलुरु स्थित आवास पर हैं, जबकि गढ़वा शहर के नाहर रोड में भी उनका पारिवारिक आवास स्थित है।अविनाश पांडेय की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है और यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

