कांडी(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के बलियारी में आयोजित श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ की तिथि बढ़ाए जाने के बाद यज्ञ स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 18 अप्रैल को जल यात्रा से आरंभ होकर 23 अप्रैल को पूर्णाहुति तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान की सभी व्यवस्थाएं अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं को लगातार आमंत्रित किया जा रहा है। यज्ञ स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, शौचालय, ठहरने की समुचित व्यवस्था एवं प्रसाद वितरण की तैयारी की गई है। साथ ही पूरे परिसर में रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। महायज्ञ के उपलक्ष्य में सभी देवी-देवताओं के मंदिरों का रंग-रोगन एवं आकर्षक सजावट का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। इस दौरान यज्ञशाला में कार्यरत कारीगरों एवं मंदिर में कार्य कर रहे पेंटरों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे श्री श्री 1008 त्रिदंडी स्वामी के शिष्य तपोमूर्ति श्री सुंदरराज यतिराज महाराज के सानिध्य में आयोजित इस महायज्ञ में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें।

