कृष्णा यादव (टाईगर)
धुरकी (गढ़वा): धुरकी पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर उनकी कमर तोड़ने में लगातार जुटी हुई है। इसी अभियान के तहत वर्षों से फरार चल रहे अपराधियों को अब कानून के शिकंजे में लाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। रविवार को धुरकी पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रही प्राथमिक अभियुक्ता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके घर पर ढोल-नगाड़ा बजाकर इस्तेहार चस्पाया।थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने जानकारी देते हुए बताया कि 302/34 के तहत नामजद अभियुक्ता सिव कुमारी देवी, उम्र लगभग 50 वर्ष, पति विक्रम शाह, ग्राम बरसोती, थाना धुरकी की रहने वाली है। उक्त महिला बीते लगभग पांच वर्षों से फरार चल रही है। उन्होंने बताया कि अभियुक्ता के विरुद्ध थाना कांड संख्या 142/2021 दर्ज है।
माननीय न्यायालय के आदेश के आलोक में पुलिस द्वारा अभियुक्ता के घर के साथ-साथ गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर कोर्ट के आदेश की प्रति चस्पा की गई है, ताकि वह स्वयं न्यायालय में आत्मसमर्पण कर सके। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि यदि इसके बावजूद अभियुक्ता न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करती है, तो आगे कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की जाएगी।धुरकी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में फरार अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और आम लोगों में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।

