Ranjan Yadav
सगमा(गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुतुर गांव निवासी स्वर्गीय भुवनेश्वर प्रसाद यादव की धर्मपत्नी योगेश्वरी देवी का रविवार की मध्य रात्रि लगभग 82 वर्ष की आयु में अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन इस आकस्मिक घटना से गहरे सदमे में हैं और घर का माहौल गमगीन बना हुआ है।
परिजनों के अनुसार योगेश्वरी देवी बीते कुछ समय से सामान्य स्वास्थ्य में थीं, लेकिन रविवार की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और देखते ही देखते उन्होंने अंतिम सांस ले ली। वे अपने सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए पूरे गांव में जानी जाती थीं। गांव के लोग उन्हें एक स्नेहिल और धार्मिक महिला के रूप में याद कर रहे हैं, जो हर किसी के दुख-सुख में आगे रहती थीं।
मौत की सूचना मिलते ही रिश्तेदारों, पड़ोसियों और शुभचिंतकों का उनके आवास पर तांता लग गया है। लोग पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। गांव के बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी उनके निधन से मर्माहत हैं।परिजनों ने बताया कि दिवंगत योगेश्वरी देवी का अंतिम संस्कार सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे खटखरिया श्मशान घाट में किया जाएगा। उनके निधन से गांव ने एक स्नेहिल और सम्मानित महिला को खो दिया है।

