डंडई(गढ़वा):मानवता और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए सोमवार को डंडई प्रखंड के क्लस्टर लेवल फेडरेशन ( सीएलएफ ) और ग्राम संगठनों ने एक पीड़ित विधवा महिला की आर्थिक मदद कर समाज को नई दिशा दी है। प्रखंड के डंडई निवासी सबिता कुंवर, जिनकी दुकान को बीते 4 दिसंबर को असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया था, उन्हें संगठन की ओर से राहत सामग्री और नकद राशि प्रदान की गई। सोमवार को डंडई सीएलएफ प्रांगण में एक सादे समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुनील कुमार की देखरेख में सीएलएफ पदाधिकारियों, ग्राम संगठनों और कैडर सदस्यों ने मिलकर पीड़िता को 10,021 रुपये नकद सहायता प्रदान की। इसके साथ ही परिवार के भरण-पोषण के लिए एक बोरा चावल, दाल और तेल भी उपलब्ध कराया गया। मौके पर मौजूद प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुनील कुमार ने कहा कि संकट की इस घड़ी में गरीब और लाचार परिवार की मदद करना ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है। इस पहल से सबिता कुंवर को अपनी आजीविका पुनः शुरू करने में बल मिलेगा। इस दौरान सीसी विकास कुमार, कैडर शोषिला देवी, ममता देवी, तारा कुंवर, लव चौधरी, इरीना एक्का समेत कई स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

