सगमा प्रखंड अंतर्गत घघरी पंचायत सचिवालय में बुधवार को आयोजित ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुखिया सरोज देवी की अध्यक्षता में बीडीओ सतीश भगत, जिप सदस्य अंजू यादव, पूर्व जिप सदस्य नंदगोपाल यादव, प्रखंड प्रमुख अजय साह, झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जयगोपाल यादव और कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आलोक कुमार यादव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
बीडीओ सतीश भगत ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि अब अधिकांश सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ शिविर में ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें प्रखंड और अंचल कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है। उन्होंने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री गाड़ी योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री सारथी योजना, महिला सम्मान योजना, म्यूटेशन प्रक्रिया एवं अबुआ आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर में गोद भराई रस्म के साथ साड़ी-लुंगी का वितरण भी किया गया। कुल 352 आवेदनों में से 120 का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया। शिविर को सफल बनाने में प्रखंड व अंचल के सभी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

