रंका (गढ़वा): रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी के नेतृत्व में थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरेगाड़ा जंगल के नदी तटीय इलाके में अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। सोमवार को पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले लगभग 350 किलोग्राम जावा महुआ को बरामद कर मौके पर ही विनष्ट किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल और नदी किनारे के दुर्गम क्षेत्रों में महुआ से अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पुलिस की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस अभियान में रंका थाना के कई पुलिसकर्मी मौजूद थे।

