कांडी(गढ़वा):झारखंड राज्य राजस्व उप-निरीक्षक संघ ने राजस्व उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इसी क्रम में बुधवार को कांडी अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मियों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा दिलाने की मांग की। संघ की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, रांची के अरगोड़ा अंचल में कार्यरत राजस्व उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की 24 अक्टूबर 2026 को हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद राज्यभर के राजस्व कर्मियों में आक्रोश है। कर्मियों का कहना है कि इस तरह की घटना से राजस्व कर्मियों और उनके परिवारों के बीच भय एवं असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो गया है। संघ ने सरकार से मांग की है कि हत्या में शामिल आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलाई जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की व्यवस्था की जाए। संघ के आंदोलनात्मक कार्यक्रम के तहत 28 अक्टूबर को राज्य के सभी राजस्व उप निरीक्षक, अंचल निरीक्षक एवं अंचल अमीन ने काला बिल्ला लगाकर काम करने का निर्णय लिया है। वहीं, 29 अक्टूबर को कलमबंद हड़ताल की घोषणा की गई है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाती है, तो राज्यभर के राजस्व उप निरीक्षक, अंचल निरीक्षक एवं अंचल अमीन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। विरोध प्रदर्शन में अंचल उप निरीक्षक गणेश चौधरी, राजस्व कर्मचारी सीताराम बड़ाइक एवं मानस कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।

